उत्तराखंड का रामनगर वैसे तो अपनी खूबसूरत वादियों, कॉर्बेट नेशनल पार्क और धार्मिक स्थलों के लिए जाना जाता है, लेकिन इस बार यहां की एक अनोखी घटना ने सभी का ध्यान खींच लिया। गर्जिया मंदिर, जो काशीपुर-रामनगर हाईवे पर स्थित है और श्रद्धालुओं के लिए एक प्रमुख तीर्थ स्थल है, वहां अचानक एक जंगली हाथी ने अपनी अप्रत्याशित उपस्थिति दर्ज कराई।
हाथी ने चढ़ीं 50 सीढ़ियां
शुक्रवार तड़के लगभग तीन बजे, जब पूरा क्षेत्र सन्नाटे में डूबा हुआ था, गर्जिया मंदिर के पास जंगल से निकलकर एक विशाल हाथी मंदिर की ओर बढ़ा। स्थानीय पुजारी मनोज पांडे ने बताया कि हाथी ने बिना किसी हड़बड़ी के लगभग 50 सीढ़ियां चढ़ीं, कुछ देर तक पुल पर आराम से टहलता रहा और फिर उसी शांति से सीढ़ियां उतरकर वापस जंगल की ओर लौट गया।
यह दृश्य देखने लायक था और कई लोगों के लिए यह किसी चमत्कार से कम नहीं था। हालांकि, स्थानीय लोगों और पुजारियों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है। पहले भी गर्जिया मंदिर क्षेत्र में हाथियों की आमद हो चुकी है।
हाथी कॉरिडोर का हिस्सा है गर्जिया क्षेत्र
रामनगर वन प्रभाग के डीएफओ ध्रुव सिंह मर्तोलिया ने इस घटना को असामान्य न मानते हुए बताया कि गर्जिया क्षेत्र हाथी कॉरिडोर का हिस्सा है। हाथियों के लिए यह इलाका प्राकृतिक मार्ग है और यहां उनकी आवाजाही आम है। यही कारण है कि कई बार हाथी अचानक मंदिर या पुल के आसपास दिखाई दे जाते हैं।
वन विभाग का मानना है कि ऐसी घटनाएं लोगों के लिए चेतावनी भी हैं कि जंगल और वन्यजीवों के रास्तों में दखल देने से हमेशा टकराव की स्थिति पैदा हो सकती है।