बागेश्वर, नैनीताल, रुद्रप्रयाग में ऑरेंज अलर्ट, देहरादून सहित कई जिलों में तेज हवाओं की चेतावनी
देहरादून: उत्तराखंड में मानसून सक्रिय होते ही मौसम का मिजाज तल्ख हो गया है। पर्वतीय जिलों में लगातार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। भूस्खलन की घटनाओं के चलते कई संपर्क मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं, जबकि नदी-नाले उफान पर हैं।
मौसम विभाग ने बुधवार को प्रदेश के कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। बागेश्वर, नैनीताल और रुद्रप्रयाग में कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना है, जबकि देहरादून, टिहरी, चंपावत, चमोली और पिथौरागढ़ में भी भारी बारिश की आशंका जताई गई है।
तेज झोंकेदार हवाएं 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं, जिसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करते समय सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
राजधानी देहरादून में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। कुछ इलाकों में एक-दो दौर भारी वर्षा भी हो सकती है। अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रह सकता है।
उत्तरकाशी से भी बाढ़ जैसी स्थिति की खबर आई है, जहां मोरी बाजार के पास गदेरे का जलस्तर अचानक बढ़ गया, जिससे दुकानदारों और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। हालांकि बारिश कम होते ही जलस्तर में गिरावट आई और स्थिति सामान्य हुई।