Tomato Flu Uttarakhand

Tomato Flu Alert: उत्तराखंड में टमाटर फ्लू से बच्चे ज्यादा प्रभावित, अब तक 28 से ज़्यादा मामले दर्ज; जानें लक्षण और सरकार की सलाह

Tomato Flu Alert: उत्तराखंड में बढ़ा खतरा, बच्चों में तेजी से फैल रहा संक्रमण

उत्तराखंड में टोमेटो फ्लू ने फिर से चिंता बढ़ा दी है। नैनीताल, चम्पावत और उधमसिंह नगर जिलों में स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी किया है। अधिकारियों के मुताबिक, यह फ्लू खासतौर पर बच्चों में तेजी से फैल रहा है और गंभीर लक्षण दिखा रहा है।

उधमसिंह नगर (सितारगंज क्षेत्र) में अब तक 28 से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग ने निर्देश दिया है कि हर संदिग्ध बच्चे की जांच और रिपोर्टिंग अनिवार्य की जाए। सभी ब्लॉक चिकित्सा अधिकारियों को केस रिपोर्ट जिला मुख्यालय भेजने के आदेश दिए गए हैं।

नैनीताल के बीडी पांडे अस्पताल ने भी अलर्ट जारी किया है और बच्चों के लिए आइसोलेशन वार्ड तैयार कर लिया गया है। पीएमएस डॉ. तरुण कुमार टम्टा ने बताया कि सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्टाफ तैनात है।

स्वास्थ्य विभाग ने जनता से अपील की है कि

  1. बच्चों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दें
  2. संक्रमित बच्चों के संपर्क से बचें
  3. बुखार, दाने, गले में खराश या थकान जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र जाएँ

समय पर जांच और सावधानी बरतकर इस संक्रमण को नियंत्रित किया जा सकता है।