Heavy Traffic On Diwali Haridwar New Traffic Plan For Eight DaysHeavy Traffic On Diwali Haridwar New Traffic Plan For Eight Days

Heavy Traffic On Diwali Haridwar New Traffic Plan For Eight Days: दीपावली पर हरिद्वार में आठ दिन बदलेगा ट्रैफिक सिस्टम, इन वाहनों की नो एंट्री; ये इंतजाम

दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैयादूज जैसे त्योहारों के दौरान हरिद्वार में भारी भीड़ और ट्रैफिक जाम से निपटने के लिए प्रशासन ने इस बार पहले से तैयारी कर ली है। 17 से 24 अक्टूबर तक हरिद्वार में एक विशेष ट्रैफिक प्लान लागू रहेगा, जिसके तहत शहर के मुख्य मार्गों पर बड़े और भारी वाहनों की एंट्री पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगी। यह कदम त्योहारों के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और श्रद्धालुओं के साथ स्थानीय निवासियों को राहत देने के उद्देश्य से उठाया गया है।हर साल दीपावली के समय हरिद्वार की सड़कों पर भारी भीड़ उमड़ती है। मंदिरों, बाजारों और घाटों की ओर जाने वाले रास्तों पर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। इस बार, पुलिस और ट्रैफिक विभाग ने ऐसी स्थिति से निपटने के लिए कई मोर्चों पर रणनीतिक तैयारी की है। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि ट्रैफिक प्लान का कड़ाई से पालन कराया जाए ताकि शहर में कहीं भी अनावश्यक जाम की स्थिति न बने।

ज्वालापुर में सख्त व्यवस्था

ज्वालापुर क्षेत्र में रोजाना सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक जटवाड़ा पुल, दुर्गा चौक, रेल चौकी, सेक्टर-2 और भगत सिंह चौक के बीच भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। क्षेत्र के अंदर पार्किंग के लिए अलग-अलग स्थान तय किए गए हैं — जैसे ज्वालापुर इंटर कॉलेज, रेलवे स्टेशन पार्किंग, भाईचारा होटल के पास का खुला क्षेत्र और डॉ. चंदेला अस्पताल के सामने स्थित स्थान।
ट्रैफिक को नियंत्रित करने के लिए दुर्गा चौक, श्रीराम चौक, रेलवे अंडरपास, घासमंडी चौक और रामलीला मैदान में पुलिस बल की तैनाती रहेगी।

यदि रानीपुर मोड़ पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ता है, तो वाहनों को टिबड़ी और पुराने रानीपुर मोड़ से वन-वे मार्ग से निकाला जाएगा। वहीं श्रीराम चौक से कटहरा बाजार तक वाहनों की आवाजाही पर पूरी तरह रोक रहेगी, जिससे पैदल चलने वालों को राहत मिलेगी।

नगर कोतवाली क्षेत्र का प्लान

हरिद्वार के मुख्य नगर कोतवाली क्षेत्र में भी सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक सूखी नदी तिराहा से भीमगोड़ा बैरियर और पंतद्वीप से भीमगोड़ा तक लोडिंग वाहनों की नो-एंट्री रहेगी।
वेद निकेतन तिराहा से श्मशान घाट की ओर जाने वाले मार्ग पर ई-रिक्शा, विक्रम और ऑटो का संचालन बंद रहेगा। वहीं दूधाधारी और करपात्री चौक के आसपास दो पार्किंग स्थल तय किए गए हैं ताकि छोटे वाहनों को आसानी से पार्क किया जा सके। पुलिस की टीम भीमगोड़ा बैरियर, पंतद्वीप गेट और सूखीनदी तिराहा पर लगातार निगरानी करेगी।

रानीपुर और कनखल में विशेष इंतजाम

रानीपुर क्षेत्र में चिन्मय चौक, शिवालिकनगर चौक, बसपा तिराहा और सलेमपुर चौक के बीच बड़े और छोटे लोडिंग वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। बीएचईएल और रोशनाबाद से शिवालिकनगर की ओर आने वाले वाहनों के लिए चिन्मय डिग्री कॉलेज और सीआईएसएफ गेट के पास पार्किंग स्थल तय किए गए हैं।

कनखल क्षेत्र में सिंहद्वार से जगजीतपुर चौकी तक सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक लोडिंग वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोकी जाएगी। पार्किंग के लिए कृष्णानगर पुलिया से प्रेमनगर चौक तक नहर पटरी मार्ग के किनारे स्थान चिन्हित किए गए हैं। पुलिस ने सिंहद्वार, देशरक्षक तिराहा और जगजीतपुर चौकी पर बैरियर लगाकर ट्रैफिक पर कड़ी निगरानी रखने की तैयारी की है।