उत्तराखंड मौसम अपडेट: कई जिलों में झमाझम बारिश के आसार, इस सप्ताह दस्तक दे सकता है मानसून

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। पहाड़ से लेकर मैदान तक बादलों का डेरा है और कई क्षेत्रों में रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला भी जारी है। खासकर कुमाऊं मंडल के पर्वतीय जिलों में भारी वर्षा हो रही है, वहीं देहरादून समेत अन्य मैदानी इलाकों में बादलों और हल्की धूप के बीच बूंदाबांदी देखने को मिली है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, सोमवार को देहरादून में आंशिक बादलों के बीच दोपहर बाद हल्की बौछारें दर्ज की गईं, जिससे गर्मी और उमस से कुछ राहत मिली। वहीं, विकासनगर और मसूरी में झमाझम बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट आई और मौसम सुहावना हो गया।

पौड़ी, रानीखेत, टनकपुर, डीडीहाट, बेरीनाग, द्वाराहाट जैसे क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई है। इन इलाकों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे स्थानीय लोगों को गर्मी से राहत मिली है।

कई जिलों में भारी वर्षा का अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए चमोली, रुद्रप्रयाग, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा अन्य जिलों में भी आंशिक बादलों के साथ हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की संभावना बनी हुई है।

चारधाम यात्रा मार्गों पर भी बादल छाए रहने और बौछारें पड़ने के संकेत हैं। प्रशासन ने यात्रियों से सतर्क रहने और मौसम पूर्वानुमान पर नजर रखने की अपील की है।

मानसून की दस्तक जल्द संभव

मौसम विभाग का अनुमान है कि इस सप्ताह के अंत तक उत्तराखंड में मानसून की आधिकारिक एंट्री हो सकती है। वर्तमान में राज्य के अधिकांश हिस्सों में मानसूनी पूर्व गतिविधियां देखी जा रही हैं, जो मानसून की दस्तक के संकेत हैं।

प्रमुख शहरों का तापमान (डिग्री सेल्सियस में)

शहरअधिकतम तापमानन्यूनतम तापमान
देहरादून34.8°C22.2°C
ऊधमसिंह नगर33.0°C24.1°C
मुक्तेश्वर22.2°C15.4°C
नई टिहरी26.5°C16.5°C

नोट: अगले कुछ दिनों तक राज्य में तापमान सामान्य या उससे नीचे बना रह सकता है।