रविवार तड़के देहरादून के आशारोड़ी चेकपोस्ट पर एक भीषण सड़क हादसे में कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घायल को तुरंत कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों की पहचान हरियाणा के रहने वालों के रूप में की जा रही है।
कैसे हुआ हादसा?
घटना सुबह करीब 3:15 बजे की है जब सहारनपुर से देहरादून की ओर आ रहा एक ट्राला अचानक चेकपोस्ट पर ब्रेक मारता है। पीछे से आ रही हरियाणा नंबर की रिट्ज कार ट्राले के नीचे जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह पिचक गई।
रेस्क्यू में लगी कई टीमें
पुलिस और फायर सर्विस यूनिट मौके पर पहुंची। कार की पिछली सीट पर फंसे तीन लोगों को पुलिस ने बड़ी मशक्कत से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। लेकिन सामने की सीट पर बैठे दो लोग कार में बुरी तरह फंसे थे, जिन्हें बाहर निकालने के लिए फायर यूनिट को दरवाजा काटना पड़ा। चारों को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
पहचान की कोशिश जारी
क्लेमेनटाउन थाना अध्यक्ष मोहन सिंह ने बताया कि मृतक हरियाणा के निवासी हैं। उनके परिजनों से संपर्क किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार आशारोड़ी चेकपोस्ट पर यह कुछ ही दिनों में दूसरा बड़ा हादसा है। इससे पहले भी ब्रेक फेल होने के कारण एक ट्रक ने पीछे से कार को टक्कर मारी थी।